गणतंत्र दिवस समारोह में कलेक्टर करेंगे ध्वजारोहण - लेंगे परेड की सलामी
रीवा। गणतंत्र दिवस समारोह पूरे जिले में हर्षोल्लास से मनाया जायेगा। मुख्य समारोह एसएएफ मैदान रीवा में 26 जनवरी को प्रात: 9 बजे से आयोजित किया जायेगा। समारोह के मुख्य अतिथि कलेक्टर ओमप्रकाश श्रीवास्तव होंगे। मुख्य अतिथि द्वारा प्रात: 9 बजे ध्वजारोहण से समारोह आरंभ होगा। ध्वजारोहण के बाद मुख्य अतिथि परेड की सलामी लेंगे। मुख्य अतिथि इसके बाद प्रदेश के मुख्यमंत्री जी के संदेश का वाचन करेंगे। इसके बाद विभिन्न दलों द्वारा आकर्षक मार्च पास्ट किया जायेगा। तदुपरांत मुख्य अतिथि स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं शहीदों के परिजनों का सम्मान करेंगे। समारोह में प्रात: 9.45 बजे से प्रात: 10 बजे तक विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थियों द्वारा आकर्षक व्यायाम प्रदर्शन किया जायेगा। इसके बाद मध्यप्रदेश गान एवं रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। समारोह में प्रात: 10.45 बजे से प्रात: 11 बजे तक विभिन्न विभागों द्वारा झांकियां प्रदर्शित की जायेंगी। इनके माध्यम से शासन की सभी प्रमुख योजनाओं को प्रदर्शित किया जायेगा। समारोह का समापन उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों के पुरस्कार वितरण से होगा। मुख्य अतिथि शासकीय विद्यालय डिहिया में आयोजित विशेष मध्यान्ह भोजन में शामिल होंगे। गणतंत्र दिवस की संध्या पर नगर निगम टाउन हाल रीवा में शाम 6.30 बजे से भारत पर्व का आयोजन किया जा रहा है। गणतंत्र दिवस पर सभी कार्यालयों, शासकीय तथा अशासकीय संस्थाओं एवं सभी शिक्षण संस्थाओं में प्रात: 7 से 8 बजे के मध्य गरिमा के साथ ध्वज वंदन किया जायेगा। सभी विकासखण्ड मुख्यालयों, नगरीय निकायों एवं ग्राम पंचायतों में भी ध्वज वंदन किया जायेगा। गणतंत्र दिवस पर जिले की सभी प्राथमिक तथा माध्यमिक शालाओं में विशेष मध्यान्ह भोजन का आयोजन किया जा रहा है। गणतंत्र दिवस पर सभी ग्राम पंचायतों में विशेष ग्राम सभाएं भी आयोजित की जायेंगी। 
